बिजनौर। जिला बार एसोसिएशन की सामान्य बैठक आयोजित हुई। बैठक में अधिवक्ताओं के निर्णय के बाद वकालतनामा के दामों में वृद्धि की गई। वकालतनामा और ज्ञापन की फीस 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दी गई है। बुधवार को अधिवक्ता बार हॉल में आयोजित जिला बार एसोसिएशन की सामान्य सभा में 500 अधिवक्ताओं ने प्रतिभाग किया। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष एसके बबली एवं संचालन महासचिव संजय कुमार ने किया। बैठक में जयवीर राठी ने महिला शौचालय के लिए 25 हजार रुपये जिला बार एसोसिएशन को देने की घोषणा की है। इसके अलावा बैठक में शौचालय के निर्माण की व्यवस्था, लाइब्रेरी में पुस्तकों की व्यवस्था, सभी अधिवक्ता यूनीफार्म में आने, वाहनों पर जिला बार के स्टीकर लगाने के प्रस्ताव पास किए गए। अधिवक्ता, उसकी पत्नी के निधन पर पूरे दिन हड़ताल रहेगी। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्रवीर सिंह गहलौत, गफ्फार खान, केडी सिंह, हरि सिंह भारतीय, समर सिंह सर्वश्रेष्ठ, आनंद जंघाला, अरविंद विश्वकर्मा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष निपेंद्र सिंह, रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रसुन चौधरी आदि मौजूद रहे।