- खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त ने इस सिरप की जांच बढ़ाने के निर्देश दिए
- औषधि निरीक्षक को देंगे कोडीनयुक्त कफ सिरप की खरीद-बिक्री की रिपोर्ट
- सभी दवा कारोबारियों को सप्ताह में सोमवार को देनी होगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। कोडीनयुक्त कफ सिरप का इस्तेमाल नशे के लिए ज्यादा किया जा रहा है। ऐसे में अब इस गोरखधंधे को रोकने के लिए सरकार ने सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी दवा कारोबारी कोडीनयुक्त कफ सिरप की खरीद और बिक्री की रिपोर्ट औषधि निरीक्षक को देंगे। साथ ही दवाई के नमूने जांच के लिए भी भेजे जाएंगे।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त ने कोडीनयुक्त कफ सिरप की जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। कोडीनयुक्त कफ सिरप मेडिकल एजेंसी कंपनी से कितनी मात्रा में ले रही है। इसके बाद वह उन सिरप को किस मेडिकल स्टोर को कितनी मात्रा में बेच रही है। इसकी सूचना अब दवा कारोबारियों को औषधि निरीक्षक को देनी होगी। यह निर्देश इसलिए जारी किए हैं क्योंकि कोडीनयुक्त कफ सिरप को राज्यों की सीमा से बाहर भी भेजा जा रहा है। इसका प्रयोग लोग नशे के लिए कर रहे हैं। ऐसे में कोडीनयुक्त कफ सिरप का दुरुपयोग रोकने और अवैध बिक्री पर नियंत्रण करने के लिए सख्ती बढ़ाई गई है। अब सोमवार को सुबह 11 बजे तक सभी मेडिकल एजेंसी और मेडिकल स्टोर स्वामियों को कोडीनयुक्त कफ सिरप की खरीद और बिक्री से संबंधित सभी जानकारी देनी होगी।
कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध बिक्री रोकने के लिए सभी दवा मेडिकल स्टोर संचालकों को पत्र भेज दिया गया है। हर सोमवार को वह इस दवा से संबंधित जानकारी देंगे। ऐसे नहीं करने पर उनका लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। साथ ही जिलेभर में अभियान चलाकर कफ सिरप के नमूने भी लिए जाएंगे। - उमेश भारती, औषधि निरीक्षक, बिजनौर