संवाद न्यूज एजेंसी
शिवाला कलां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर पर बेटी को जन्म देने के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ गई। जिसे रेफर करने के बाद बिजनौर ले जाते हुए महिला की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने महिला का शव अस्पताल में रखकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर हंगामा करने वालों को शांत किया।
शुक्रवार की देर शाम गांव विजय नंगला निवासी मीनू पत्नी सोनू कुमार को प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नूरपुर लेकर पहुंचे थे। चिकित्सक ने महिला की डिलीवरी को नॉर्मल करने का प्रयास किया। डिलीवरी होने के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। महिला की हालत बिगड़ने पर चिकित्सक ने उसे बिजनौर के लिए रेफर कर दिया। महिला को बिजनौर ले जाते समय मौत हो गई।
गुस्साए परिजनों ने महिला के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर में रखकर अस्पताल के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर हंगामा कर रहे परिजनों को शांत किया। थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मृतक के परिजन समझाने पर शव को बिना किसी कार्रवाई के घर ले गए।