किरतपुर में थाने के बाहर महिला का शव रख कर हंगामा करते परिजन।
- महिला ने मृत्यु से पूर्व सराफा कारोबारी पर लगाया था धोखाधड़ी करने का आरोप
- सराफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही परिजन शांत हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
किरतपुर (बिजनौर)। एक महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने किरतपुर के ही सराफ पर 30-40 लाख रुपये लेने और अब वापस नहीं करने का आरोप लगाया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए परिजनों ने शव रखकर थाने पर घंटों तक हंगामा किया। रिपोर्ट दर्ज कर लिए जाने के बाद परिजन शव को लेकर ले गए।
नगीना रोड स्थित मोहल्ला आंबेडकर नगर निवासी शुभम कुमार ने पुलिस को तहरीर सौंपी। बताया कि रविवार की सुबह उनका परिवार बच्चों का मुंडन संस्कार कराने हरिद्वार गया था। उसकी मां सविता (50) घर पर अकेली थी। इसी दौरान मां ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। यहां महिला ने एक सराफ पर तीस से चालीस लाख रुपये हैं। जिन्हें कारोबारी वापस नहीं कर रहा है। इसी वजह से उसने जहर खाया है। रविवार की शाम ही उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम कराने के बाद सोमवार की सुबह परिजनों ने शव को थाने के सामने लाकर हंगामा किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद रिपोर्ट दर्ज होने पर परिजन शांत हुए। थाना प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सराफ स्पर्श अग्रवाल निवासी किरतपुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।