परिजनों ने चिकित्सकों पर लगाया चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप
महिला चिकित्सक अस्पताल का ताला लगा कर चंपत, रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर (बिजनौर)। गांव सुहागपुर में मंगलवार की रात एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। परिजनों ने दोनों के शव को अस्पताल के बाहर गेट पर रखकर हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख महिला चिकित्सक अस्पताल का ताला लगा कर चंपत हो गई।महिला चिकित्सक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कायम कराई गई है।
गांव विरामपुर निवासी मनीष उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने 24 वर्षीय पत्नी दीपशिखा को प्रसव पीड़ा होने पर गांव सुहागपुर में कुसुमलता के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि चिकित्सक की लापरवाही के चलते महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। दोनों की मौत होने के बाद डाक्टर ने उनके शव को अस्पताल से बाहर निकाल दिया। साथ ही अस्पताल में ताला डालकर चंपत हो गई।
इससे नाराज परिजनों ने ग्रामीणों के साथ अस्पताल के बाहर हंगामा किया। भाकियू के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष कविराज सिंह, लव कुश, मनीष उपाध्याय, विजेंद्र कुमार, जसवंत सिंह, लवली कुमार, नंदराम सिंह, अरुण कुमार उपाध्याय, राजकुमार कुमार, विशाल उपाध्याय आदि ने कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाा कि कई साल पहले स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल को सील कर दिया गया था। अस्पताल का संचालन बगैर परमिशन के हो रहा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक महिला और उसके नवजात शिशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल किरनपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।