डाक कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे शिवभक्तों के वाहन में उलझकर बिजली लाइन के तार टूट गए। तार सड़क पर गिरे तो आनन फानन में पुलिस ने बैरियर लगाकर बिजनौर मंडावर रोड को बंद करा दिया। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
बृहस्पतिवार की शाम डाक कांवड़ियों का जत्था बिजनौर से हरिद्वार की ओर जा रहा था। जजी चौराहे के पास मंडावर मार्ग पर इनके वाहन में उलझकर बिजली लाइन के तार टूट गए। जिनमें करंट दौड़ रहा था। तार टूटकर जमीन पर आ गिरे। जिनमें चिंगारी भी निकली।
गनीमत रही कि कोई शिवभक्त या राहगीर इन तारों की चपेट में नहीं आया। उधर तारों में करंट चालू देख पुलिस ने रास्ते में तुरंत ही बैरियर लगा दिए। करीब पंद्रह मिनट तक बिजनौर मंडावर रोड बंद रही। बाद में बिजली आपूर्ति बंद कराते हुए तारों को हटवाया और यातायात चालू कराया गया।