- शासन के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों का पुन: सत्यापन हुआ शुरू
- डीआईओएस ने डेढ़ दर्जन परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर परीक्षा में परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों को रखने के लिए बैंकों की तरह स्ट्रांग रूम की व्यवस्था होगी। डीआईओएस रामाज्ञा कुमार ने टीम के साथ परीक्षा केंद्रों का पुन: सत्यापन शुरू किया। उन्होंने बृहस्पतिवार को डेढ़ दर्जन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और स्ट्रांग रूम अलग सुरक्षित कमरों में बनाने की सख्त हिदायत दी। साथ ही इंटरनेट समस्या का निराकरण करने को कहा।
यूपी बोर्ड की परीक्षा की डेट शीट की घोषणा हो गई है। जिले में 133 केंद्रों पर परीक्षा होगी। शासन के परीक्षा नकलविहीन कराने के निर्देश हैं। इसलिए प्रशासन को परीक्षा केंद्र बनने के लिए तय मानकों का पुन: सत्यापन कराने को कहा गया है। डीआईओएस रामाज्ञा कुमार ने बोर्ड परीक्षा प्रभारी बुद्ध सिंह तथा सह प्रभारी अननंशु माहेश्वरी के साथ परीक्षा केंद्रों का वन टू वन सत्यापन शुरू कर दिया है। उन्होंने बृहस्पतिवार को 18 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों का संचालन देखा। विद्यालयों को हिदायत दी कि परीक्षा के प्रश्नपत्रों व अन्य अभिलेखों को रखने के लिए अलग से स्ट्रांग रूम तैयार किया जाए। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था बैंक की तरह हो। डीआईओएस ने कतिपय विद्यालयों में प्रधानाचार्य कक्ष में ही स्ट्रांग रूम बना मिलने पर नाराजगी जताई। परीक्षा के लिए आवश्यक फर्नीचर, साफ सफाई आदि को परखा।
इन परीक्षा केंद्रों का हुआ निरीक्षण
डीआईओएस रामाज्ञा कुमार ने दयानंद इंटर कॉलेज हीमपुर दीपा, श्री कृष्ण इंटर कॉलेज माहु जलीलपुर, एमडीएम इंटर कॉलेज पाड़ला, जीजीआईसी लुहारपुरा, गांधी इंटर कॉलेज बास्टा, चांदपुर केसीवी रमन इंटर कॉलेज , हिंदू इंटर कॉलेज, एमएम इंटर कॉलेज, वैदिक कन्या इंटर कालेज, रहमानिया इंटर कॉलेज, शकुंतला कन्या इंटर कॉलेज, एसकेएम इंटर कॉलेज मंझोला गूजर, फीना के इंडियन पब्लिक स्कूल व सार्वजनिक इंटर कॉलेज, संस्कार इंटर कॉलेज सीमला, बाल कल्याण इंटर कॉलेज राम रुपपुर, जनता इंटर कालेज आजमपुर, तथा कृषक इंटर कॉलेज धूंदली तबीबपूर का निरीक्षण किया।