-एक प्रबंध तंत्र के परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगाने में सतर्कता के निर्देश
-परीक्षा केंद्र पर तैनात कुल कक्ष निरीक्षकों के 50 प्रतिशत बाहरी तैनात किए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति के नियम सख्त कर दिए हैं। परीक्षा के दौरान मामूली भी कमी मिलने पर कक्ष निरीक्षक पर कार्रवाई की जाएगी। कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा शुरू होने से पहले कक्ष की अच्छी तरह तलाशी लेनी होगी और सुनिश्चित करना होगा कि वहां पर नकल संबंधित सामग्री या पोस्टर नहीं है।
यूपी बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी से प्रस्तावित है। बोर्ड परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए व्यवस्था चाक चौबंद करने में लगा है। बोर्ड परीक्षा को लेकर लगातार कड़े फैसले ले रहा है। परीक्षा केंद्र पर तैनात होने वाले आंतरिक व बाह्य कक्ष निरीक्षकों की संख्या की समय सीमा तय कर दी है। परीक्षा केंद्र पर वांछित कक्ष निरीक्षक की संख्या के 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक बाहरी होंगे। कक्ष निरीक्षक ड्यूटी वाले कक्ष में पहुंचकर पहले कक्ष की अच्छी तरह तलाशी लेगा। कक्ष निरीक्षक यह सुनिश्चित करेगा कि कक्ष में नकल संबंधी आपत्ति जनक सामग्री पोस्टर आदि तो नहीं लगा है।
बालिका परीक्षार्थी की तलाशी पुरुष नहीं लेगा
बोर्ड ने जारी निर्देश में कहा है कि परीक्षा के दौरान पुरुष कक्ष निरीक्षक किसी बालिका परीक्षार्थी की तलाशी कतई नहीं लेगा। जिस कक्ष में छात्रा परीक्षा दे रही हो वहां महिला कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी अनिवार्य रूप से लगेगी। पहले माध्यमिक शिक्षकों की कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगेंगी उसके बाद प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी लगेंगी।
एक ही प्रबंध तंत्र के परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी में सतर्कता
बोर्ड के परीक्षा नियमों में कहा गया है कि यदि एक ही प्रबंध तंत्र के एक से अधिक विद्यालय हैं और वे सभी बोर्ड परीक्षा केंद्र हैं तो उन परीक्षा केंद्र वाले विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी दूसरे केंद्र पर नहीं लगेगी।