बिजनौर। यूपी बोर्ड वर्ष 2024 के परीक्षा केंद्रों का निर्धारण मेरिट से होगा। विद्यालय संबंधी त्रुटिपूर्ण सूचनाएं अपलोड करने वाले विद्यालय परीक्षा केंद्र नहीं बनेंगे। केंद्र निर्धारण के मानकों में भी बदलाव किया गया है।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटर परीक्षा वर्ष 2024 के लिए केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शासन ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए नये मानक तय किए हैं। बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए हर विद्यालय से आधारभूत सूचनाएं मांगी है। जिले में यूपी बोर्ड के 387 विद्यालय हैं। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार कि पिछले वर्षों में कतिपय विद्यालयों द्वारा गलत व भ्रामक सूचनाएं भेजने के मामले सामने आए। वर्ष 2024 की परीक्षा के लिए विद्यालयों की आधारभूत सूचनाओं का सत्यापन डी एम द्वारा गठित समिति करेगी। डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार समिति की रिपोर्ट परीक्षा केंद्र के निर्धारण का आधार होगा।
विद्यालयों की ऐसे बनेगी मेरिट
परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में मनमानी नहीं चलेगी। डीएम की समिति की रिपोर्ट के आधार पर 379 विद्यालयों की मेरिट बनेगी। मेरिट बनाने के लिए विद्यालय का स्तर, श्रेणी आदि आठ बिंदु है। हर बिंदु के अंक निश्चित है। राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त व वित्त विहीन विद्यालयों की अलग अलग मेरिट बनेगी। पहले राजकीय कालेज परीक्षा केंद्र बनेंगे। इसके बाद अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय तथा अंत में वित्त विहीन विद्यालय परीक्षा केंद्र बनेंगे।