बिजनौर जनपद के नजीबाबाद में मंगलवार को एक युवक की मौत हो गई। फल का ठेला लगाकर गुजर-बसर करने वाले गूंगे-बहरे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सिविल पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन
मोहल्ला कछियाना निवासी 22 वर्षीय रिंकू भारत सिनेमा चौराहे पर फल का ठेला लगाता था। बचपन से ही गूंगा और बहरा रिंकू 15 अगस्त को दोपहर में नजीबाबाद से कोटद्वार दिशा में जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रिंकू रेल लाइन के पास बैठा कोल्ड ड्रिंक पी रहा था तभी अचानक ट्रेन आ गई। एक वृद्ध ने शोर मचाया लेकिन, वह सुन नहीं पाया।
ट्रेन की चपेट में आने से रिंकू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। क्षेत्रीय उप-निरीक्षक रामवीर शर्मा ने घटनास्थल पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि रिंकू के तीन अन्य भाई हैं, जिनमें से दो अन्य भाई भी गूंगे और बहरे हैं।