विवि ने प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तारीख बढ़ाई
बिजनौर। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा वर्ष 2022 स्नातक समेत अन्य कक्षाओं की प्रयोगात्मक एवं मौखिक परीक्षा संपन्न होने की तारीख बढ़ा दी है। अब 15 सितंबर कर दी गई है। विश्वविद्यालय तय समय के बाद परीक्षा कराने वाले डिग्री कालेजों के अंक स्वीकार नहीं करेगा।
विश्वविद्यालय के मीडिया सदस्य तपन कुमार वर्मा के अनुसार विश्वविद्यालय की मंशा है कि परीक्षाफल समय से घोषित हो। इसके लिए विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा वर्ष 2022, स्नातक एवं प्रोफेसनल तृतीय वर्ष व परास्नातक अंतिम वर्ष की प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षा की तारीख विस्तारित कर 15 सितंबर कर दी गई है। विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों से तय समय में प्रयोगात्मक एवं मौखिक परीक्षा संपन्न कराने को कहा है। इसके बाद कराई गई परीक्षा के अंक विश्वविद्यालय स्वीकार नहीं करेगा। संबंधित महाविद्यालय इसके लिए जिम्मेदार होगा। वर्धमान कालेज बिजनौर में रसायन विज्ञान विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर व रुटा के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार का कहना है कि सभी विभाग प्रयोगात्मक परीक्षा कराने की तैयारी में जुट गए हैं।