- चांदपुर-किरतपुर रेलवे लाइन के बीच हो रहा आठ अंडरपास का निर्माण
- 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बिजनौर लाइन पर दौड़ेंगी ट्रेनें
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। अगर सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही बिजनौर रेलवे लाइन पर ट्रेनें 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेंगी। ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए रेलवे लाइन पर अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा है। अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी। सभी अंडरपास का निर्माण अगस्त तक पूरा होने की उम्मीद है।
बिजनौर रेलवे लाइन पर वर्तमान में ट्रेन 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से संचालित हो रही हैं, लेकिन अब ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी चल रही है। जिसके लिए फाटक फ्री करने की योजना है। इसके लिए चांदपुर से किरतपुर के बीच आठ अंडरपास बनाए जा रहे हैं। अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही ट्रेनों की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटा की जाएगी। शहर के पास अंडरपास का निर्माण हो चुका है और रास्ता बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
अंडरपास बनने से वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को फाटक बंद की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। रेलवे की ओर से नजीबाबाद रोड से गढ़ी को जाने वाली सड़क पर गेट नंबर 61 पर अंडरपास बनाया जा रहा है। इसके अलावा गेट नंबर 28, 30, 32, 37, 67, 70, 71 पर अंडरपास बनाने का कार्य चल रहा है।
वर्जन::
चांदपुर से किरतपुर के बीच रेलवे लाइन पर बन रहे आठ अंडरपास का निर्माण अगस्त तक पूरा हो जाएगा। बारिश की वजह से अंडरपास का निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। अंडरपास का निर्माण पूरा होने के बाद ही ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने की स्थिति साफ होगी - जंगपाल सिंह, सहायक मंडल अभियंता, गजरौला