दो युवक महंत सहित चार को बेहोश कर नकदी लेकर फरार
रेहड़। फतेहपुरधारा आश्रम में दो युवकों ने महंत और तीन अन्य सेवादारों को दूध में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया और साढ़े तीन लाख रुपये लेकर फरार हो गए। रविवार को श्रद्धालु आश्रम में पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आश्रम के महंत बाबा बृजमोहन दास ने बताया कि गांव के बाहर सैकड़ों वर्ष पुराना सिद्ध धारा समाधि स्थल हैं और वह पिछले 35 सालों से महंत के रूप में आश्रम की देखभाल कर रहे हैं। उन्होंने बताया की एक सप्ताह पूर्व दो युवक बाइक से आश्रम में आए और खुद को धामपुर निवासी बताया। कुछ घंटे रुककर वह शाम को वापस चले गए। दोनों युवक शनिवार की शाम बाइक से दोबारा आश्रम में आए और रात हो जाने के कारण आश्रम में ही रुक गए। आरोप हैं कि युवकों ने दूध में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया, जिसे पीकर महंत ब्रजमोहन दास, उनके शिष्य रामेश्वर दास, सेवादार हरि सिंह व लक्ष्मण सिंह बेहोश हो गए। इसके बाद वे युवक आश्रम के लिए जमीन खरीदने के लिए सेफ में रखे लगभग साढ़े तीन लाख रुपये लेकर फरार हो गए। रविवार को पूजा करने आए श्रद्धालुओं ने महंत और उनके शिष्यों को बेहोश पड़ा देख ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने पुलिस को अवगत कराया। उधर थाना प्रभारी सुदेशपाल सिंह का कहना है की घटना के संबंध में कोई तहरीर नही मिली हैं फिर भी सूचना के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।