सड़क हादसों में दो युवकों और महिला की मौत
अफजलगढ़/शेरकोट। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव भूतपुरी रामगंगा नदी के पुल पर कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए धामपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शेटकोट में किसी वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार रात शेरकोट थाने के मोहल्ला तराइन निवासी आसिफ खान (40) पुत्र फरहीन खान और मोहल्ला कोटरा निवासी रिशाल खान (40) पुत्र विशाल खान बाइक से अफजलगढ़ पहुंचे। वहां से लौटते समय वह भूतपुरी स्थित रामगंगा नदी के पुल के समीप पहुंचे तो उनकी बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई। हादसे में रिशाल बाइक से उछलकर पुल के नीचे जा गिरा। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मौके पर पहुंची पुलिस ने धामपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां पर चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है।
वहीं, थाना कोतवाली देहात के पित्तनहेड़ी निवासी 40 वर्षीय राबिया पत्नी रफी अपनी बेटी रूखसाना के साथ रेहड़ गई थी। शुक्रवार को अपने भांजे इरफान के साथ बाइक से घर आ रही थी। शेरकोट में भनोटी मोड़ के पास बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे महिला की मौके पर मौत हो गई। रुखसाना और उनका भांजा घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।