-कंपोजिट विद्यालय हमीदपुर माखन और छितावर का मामला
- छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, अब दोनों स्वस्थ
- बिजली कटौती के कारण बंद पड़ जाते हैं पंखे, हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
किरतपुर (बिजनौर)। उमस भरी गर्मी के कारण शुक्रवार को कंपोजिट विद्यालय हमीदपुर माखन और छितावर में दो छात्र बेहोश हो गए। दोनों को उपचार के लिए निजी चिकित्सक को दिखाया गया। बताया जा रहा है कि बिजली कटौती के चलते पंखे बंद हो जाते हैं, जिससे छात्रों को गर्मी का सामना करना पड़ा रहा है।
शुक्रवार को कंपोजिट विद्यालय ग्राम हमीदपुर माखन में कक्षा आठ के छात्र विष्णु निवासी ग्राम हमीदपुर माखन गर्मी के कारण कक्षा में ही बेहोश हो गया। अध्यापकों ने परिजनों को सूचना दी। छात्र के परिजनों ने बेहोश छात्र को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। सहायक अध्यापक सुनीत कुमार ने बताया कि बच्चे का बीपी कम हो गया था। बच्चा अब ठीक है।
उधर, कंपोजिट विद्यालय छितावर में भी कक्षा आठ का छात्र आयन निवासी ग्राम छितावर भी बेहोश हो गया। सूचना पर परिजन छात्र को प्राइवेट चिकित्सक के ले गए। प्रधान अध्यापक देवेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चा अब ठीक है। भीषण गर्मी और उमस के चलते बच्चे बेहोश हुए हैं। बिजली कटौती से भी लोग परेशान हैं।