मंडावर क्षेत्र में रॉयल पैलेस के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/चंदक। मंडावर क्षेत्र में रॉयल पैलेस के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइक सवार युवकों की मौत हो गई, जबकि महिला सहित तीन घायल है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
झालू के मोहल्ला मिर्दगान निवासी अंकुल कुमार (28) पुत्र नरेंद्र सिंह गांव दयालवाला में अपने मामा के लड़के की शादी में गया था। लौटते वक्त चचेरे भाई बिजेंद्र और मौसेरा भाई मोनू भी साथ थे। उधर, मंडावर के गांव रामजी वाला छकड़ा निवासी उत्तम (38) पुत्र चमन सिंह और उसकी पत्नी मिथलेस बिजनौर से लौट रहे थे। रॉयल पैलेस के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई। इसमें अंकुल और उत्तम की मौत हो गई, जबकि मिथलेश, बिजेंद्र, मोनू घायल हो गए।
गांव रामजी वाला छकड़ा के पूर्व प्रधान घनश्याम ने बताया कि उत्तम की बेटी की शादी 11 मार्च की है। इसी सिलसिले में दोनों बिजनौर गए थे। उधर, अंकुल की शादी भी अप्रैल में होनी थी। दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।