बिजनौर। तालाब और बंजर जमीन पर कब्जे की शिकायत को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। पथराव भी हुआ। मामले में दोनों पक्षों के 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
तीबड़ी गांव के रहने वाले जसवीर सिंह ने समाधान दिवस में टीकम सिंह पर तालाब और बंजर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया था। इस शिकायत पर शनिवार को राजस्व और पुलिस टीम ने अवैध कब्जा हटवाया दिया। मामले में लेखपाल अशोक वर्मा ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान अधिनियम के तहत टीकम सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। कब्जा हटवाकर टीम लौटी तो टीकम और जसवीर पक्ष भिड़ गए और पथराव हुआ। पुलिस ने बताया कि टीकम पक्ष ने पथराव का वीडियो एडिट करके सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो के सहारे दूसरे पक्ष पर पथराव का आरोप लगाया गया। अब मामले में जाटान चौकी इंचार्ज राहुल कुमार की तहरीर पर जसवीर, आदेश, जसवंत, अनुज, अजय, नरवीर सिंह, छोटू व दूसरे पक्ष के टीकम सिंह, भूपेंद्र, शक्ति, रीतू और एक अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।