- जिले में इस समय कोरोना के चार सक्रिय मरीज
- शुक्रवार को पॉजिटिव मिले दोनों मरीजों की उम्र 70 साल से अधिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में कोरोना ने दस्तक दे दी है। इसी सप्ताह चार लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिसके चलते बिजनौर में इस समय कोरोना के चार सक्रिय मरीज हो गए हैं। कोरोना के मरीज बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
जिले में शुक्रवार को दो कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। अफजलगढ़ के गांव सुआवाला में 70 वर्षीय महिला और गांव उधोवाला में 71 वर्षीय पुरुष की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे पहले 23 मार्च को मोहम्मदपुर देवमल के गांव कामराजपुर में 45 वर्षीय युवक और 16 मार्च को हल्दौर के मोहल्ला भूड़ में होली चौक के पास रहने वाले 30 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाए गए।
एक ही सप्ताह में कोरोना के चार मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग चिंतित हो उठा है। आईडीएसपी विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों संक्रमित मरीजाें की तबीयत ठीक है। संक्रमित मरीजों के परिजनों की कोरोना जांच कराई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय कुमार गोयल का कहना है कि मरीजों में कोरोना जैसे कोई लक्षण नहीं हैं। जांच कराने पर कोरोना पॉजिटिव आए हैं। संक्रमित मरीजों के परिजनों की कोरोना जांच कराई जाएगी।
कोरोना से ऐसे करें बचाव
- भीड़-भाड़ वाले इलाकों में न जाएं
- घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें
- कोरोना गाइडलाइन का पालन करें
- दो गज की दूरी पर रहकर बात करें
- कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाएं