बाइक-स्कूटी की टक्कर में दो की मौत
चांदपुर/जलीलपुर (बिजनौर)। बाइक और स्कूटी की आमने सामने की टक्कर हो गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दोनों ने ही हेलमेट नहीं लगा रखे थे।
बुधवार शाम गांव सैंदवार के रहने वाले अजयपाल सिंह चौहान उर्फ कोमल सिंह (55) स्कूटी से ब्लॉक जलीलपुर से अपने घर लौट रहे थे। जलीलपुर-चांदपुर मार्ग पर चौधेड़ी-मंसूरपुर चौराहे के निकट सामने से आ रही बाइक से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार कोमल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार राजीव यादव (48) निवासी खानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि बाइक सवार राजीव यादव चांदपुर से बाइक से अपने गांव खानपुर लौट रहे थे। सड़क हादसे में हुई मौत पर दोनों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निरीक्षक सतीश कुमार राय ने बताया कि किसी कार्रवाई के लिए दोनों के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। दोनों ही लोगों ने हेलमेट नहीं लगा रखे थे। हेलमेट होता तो शायद उनकी जान बच जाती।