- हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
- हादसे के बाद हरिद्वार नहीं गया बरेली के शिव भक्तों का जत्था
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़ (बिजनौर)। डाक कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जा रहे बाइक सवार दो कांवड़ियों की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार दो अन्य शिवभक्त घायल हुए। कांवड़ियों की मौत से इनके जत्थे में कोहराम मच गया। वे कांवड़ यात्रा में बीच रास्ते से ही बरेली लौट गए। पुलिस ने दोनों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरेली के पनबड़िया थाने के गांव शेरगढ़ निवासी 30 लोगों का जत्था डाक कांवड़ लाने के लिए हरिद्वार जा रहा था। कुछ शिवभक्त सात बाइकों पर सवार थे, जबकि कुछ डीसीएम में। बाइक सवार शिवम गंगवार (25) पुत्र नरेन्द्रपाल और अखिलेश (26) पुत्र ओमप्रकाश हरिद्वार-काशीपुर हाईवे पर आसफाबाद चमन के पास पहुंचे तो किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शिवम अखिलेश बराबर में चल रही स्कूटी पर जा गिरे। इससे स्कूटी सवार उत्कृष्ट पुत्र अहिवरण और रामबहादुर पुत्र सोमपाल भी चोटिल हो गए। उन्हें अफजलगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां शिवम और अखिलेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसा होते ही जत्थे में शामिल कांवड़ियों में कोहराम मच गया। शिवम का बड़ा भाई जेंद्रपाल तथा अखिलेश का तहेरा भाई अमित भी साथ ही कांवड़ लेने के जा रहे थे। घटना के बाद दोनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। अन्य कांवड़ियो की आंखें भी नम हो गईं। शिवम की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। घटना के बाद सभी कांवड़िये शेरगढ़ लौट गए।
उधर, अपर पुलिस अधीक्षक धर्म सिंह मार्छाल और सीओ अंजनी कुमार, कार्यवाहक थानाध्यक्ष श्रीपाल सिंह सीएचसी पहुंचे। उन्होंने घायल कांवड़ियों का हालचाल जाना। एएसपी ने बताया कि कांवड़ियों के शवों को पोस्टमार्टम कराकर उनके घर भेज दिया गया है।