गांव जहानाबाद में दो घरों में लगी आग
नजीबाबाद। आग लगने से जहानाबाद में मजदूर पेशा दो परिवारों का हजारों रुपयों का समान व नगदी जल गई।
गांव जहानाबाद में कूड़ी की ढेर में आग लगने से विधवा बाला देवी के छप्परनुमा मकान में आग लग गई। जिस समय आग लगी उस समय बाला देवी और उसकी दो अविवाहित पुत्रियां दीपा और अमृता मजदूरी करने गई थी। आग लगने से बाला देवी के घर रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया। पड़ोसी महिला संगीता का घर भी आग की चपेट में आने से बीस हजार की नकदी व कपड़े जल गए। सूचना मिलने पर पहुंचे अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाया। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।