स्योहारा। नाली के पानी को लेकर दो संप्रदाय ने हुए झगड़े में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। मामला दो समुदाय का होने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल परीक्षण करा कर दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव रूपपुर शाहपुर जयपाल प्रजापति व शमशाद अहमद का पास पास है। शमशाद के घर का पानी बाहर सड़क पर आने से निकलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जयपाल प्रजापति द्वारा कई बार कहने पर भी जब शमशाद ने पानी पानी की नाली सही नहीं कराई, तो मंगलवार को जयपाल प्रजापति ने नाली की सफाई करते हुए नाली से निकली कीचड़ युक्त कुछ ईंटे अपनी तरफ रख ली। आरोप है कि कुछ समय बाद शमशाद ने वे ईंटें उठाकर अपनी तरफ रख ली, जिस पर दोनों पक्षों में बोलचाल शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी डंडे चल पड़े।
जिसमें एक पक्ष के जयपाल पुत्र संतराम व अमित कुमार व आकाश कुमार पुत्रगण जयपाल सिंह व दूसरे पक्ष के शमा पत्नी शमशाद यूनुस पुत्र युसूफ व शमशाद पुत्र अब्दुल रशीद घायल हो गए। दो संप्रदाय में झगड़े की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजीव चौधरी भारी पुलिस बल सहित गांव पहुंचे और मामला शांत कराया। दोनों पक्षों की ओर से सभी घायलों को सीएचसी मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष राजीव चौधरी का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।