सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से बाइक के टकराने से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर (बिजनौर)। नहटौर से घर लौट रहे दो दोस्तों की बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव शेरनगर नारायणी निवासी इमरान उर्फ भूरे (24) पुत्र इरफान और इरफान (38) पुत्र हमीद शुक्रवार की शाम नहटौर की ओर से गांव लौट रहे थे। उनकी बाइक ग्राम फतेहपुर के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। बताया जाता है कि ट्रॉली में सीमेंट भरा था। पंक्चर होने के चलते ट्रैक्टर स्वामी पहिया खोलकर मरम्मत करा रहा था।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों का एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पुलिस ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर थाने ले गई।
परिवार का इकलौता चिराग था इमराज
पिता इरफान ने बताया कि इमरान उनका इकलौता पुत्र था। वह राजस्थान में एक सैलून में काम करता था। कल ही राजस्थान से घर आया था। उधर, इरफान गांव में ही मजदूरी करता था। जुम्मे की नमाज अदा करने के बाद दोनों बिना बताए कहीं गए थे। शाम को उनकी मौत की सूचना मिली। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।