धामपुर। क्षेत्र के गांव बनावली में दो मृत कौओं के मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें लगता है कि उनके क्षेत्र में बर्ड फ्लू ने पैर पसार लिए हैं, जिस कारण आए दिन पक्षियों की मौत हो रही है। गांव के ज्ञानेंद्र कुमार, वेदपाल सिंह, सत्येंद्र कुमार, भारत कुमार, गौरव कुमार, सौरभ कुमार व हरीश कुमार ने बताया कि बुधवार को वे सवेरे शौच के लिए जंगल की तरफ गए तो उन्हें कूड़ियों पर अलग-अलग स्थानों पर दो कौए मृत मिले। उन्होंने इस बारे में वन विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन वन विभाग से कोई भी अधिकारी गांव नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामवासियों में असंतोष है। शाम को ग्राम वासियों ने दोनों कौओं को गड्ढा खोदकर दफन कर दिया।