खंभे में उतरे करंट से दो बैल मरे
नूरपुर। ग्राम फैजपुर में खेत की जुताई करते समय खंभे में करंट आने से दो बैलों की मौत हो गई। पीड़ित बैल स्वामी ने विद्युत निगम से मुआवजे की मांग की है।
ग्राम फैजपुर निवासी लालसिंह बैलों से किसानों के खेतों की जुताई करके परिवार की गुजर कर रहा था। बुधवार को वह गांव के ही मदन सिंह के खेत में धान लगाने के लिए खेत जोत रहा था। इस दौरान खेत में खड़े खंबे में करंट उतर आया। करंट का झटका लगते ही लालसिंह तो किसी तरह से खेत से बाहर निकल आया, लेकिन उसके दोनों बैलों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। बैलों के मरने से लालसिंह के सामने परिवार के पालन का संकट हो गया है। उसने विद्युत निगम से मुआवजे की मांग की है।