बैरियर से टकराकर बाइक सवार दो युवकों की मौत
स्योहारा। बैरियर से टकराकर एक बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। मरने वाले युवकों की पहचान गांव फीना निवासी परमिंदर और नितिन के रूप में हुई।
शुक्रवार की रात्रि नूरपुर मार्ग पर एक बाइक पर सवार दो युवक स्योहारा से नूरपुर की ओर जा रहे थे। इकड़ा नदी के पुल पर बाइक असंतुलित होकर बैरियर से टकरा गई। बाइक की गति तेज होने के कारण बाइक सवार दूर जाकर गिरे। जिससे एक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस की मदद से ग्रामीण जब दूसरे को सीएचसी ले जा रहे थे तो रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान परमिंदर कुमार पुत्र भूदेव सिंह निवासी गांव फीना थाना शिवाला कलां तथा नितिन पुत्र टेक सिंह के रूप में हुई। मृतकों के परिवारों को पुलिस द्वारा सूचित कर दिया गया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। संवाद