कोतवाली देहात के गांव दरगोपुर नंगली में खड़ी फसल की जुताई करता किसान।
- आवारा गोवंश से त्रस्त होकर किसान ने उठाया कदम
- सूचना पर भाकियू चढ़ूनी के कार्यकर्ता किसान से मिलने पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात। निराश्रित पशुओं द्वारा फसल को नुकसान पहुंचाने से त्रस्त किसान ने अपनी 15 बीघा गेहूं की फसल की जुताई कर दी। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के कार्यकर्ताओं ने गांव में पहुंचकर किसान से मुलाकात की और पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
क्षेत्र के गांव राजदेव नंगली उर्फ दरगोपुर नंगली निवासी किसान जबर सिंह की 15 बीघा गेहूं की फसल खड़ी थी। निराश्रित पशु गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसान रात-रात भर जाग कर फसल की निगरानी कर रहे हैं और निराश्रित पशुओं को खदेड़ते हैं। इसके बावजूद निराश्रित पशुओं ने गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। इससे परेशान होकर किसान जबर सिंह ने मंगलवार को 15 बीघा गेहूं की फसल को जोत दिया। सूचना पर भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के युवा प्रदेश अध्यक्ष विकास चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे तथा किसान को समझाया। इसके बाद विकास चौधरी ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम बिजनौर के व्हाट्सएप पर भेजा।
जबर सिंह ने बताया कि वह कई रातों से जागकर फसल की रखवाली कर रहा है, लेकिन क्षेत्र में भारी संख्या में निराश्रित पशु घूम रहे हैं, जो फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। जब तक निराश्रित पशुओं को पकड़कर गोशाला नहीं भेजा जाता, तब तक खेती करना बेहद कठिन कार्य हो गया है। किसानों ने तुरंत निराश्रित पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजने की मांग की। इस दौरान सुरेंद्र सिंह, अमन सिंह, फत्तू सिंह, ओम प्रकाश, विजय कुमार राठी, विकास उर्फ नूरी, परविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।