स्टेडियम में आज से शुरू होंगे ट्रायल्स
बिजनौर। नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय ट्रायल्स का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें खिलाड़ी प्रतिभाग कर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। जिला स्तरीय ट्रायल्स में विजेता खिलाड़ी मंडलीय स्तर पर आयोजित ट्रायल्स में प्रतिभाग करेंगे। मंडलीय ट्रायल्स में विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में आठ दिसंबर को वॉलीबाल पुरुष का जिला स्तरीय ट्रायल्स होगा। इसके बाद नौ दिसंबर को मंडलीय ट्रायल्स का आयोजन स्टेडियम मुरादाबाद में होगा, जबकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 13 से 16 दिसंबर तक अयोध्या में होगा। वहीं कबड्डी जूनियर बालिका, क्रिकेट पुरुष, जूडो पुरुष व महिला, हैंडबाल महिला, बास्केटबाल पुरूष का आयोजन नौ दिसंबर को बिजनौर स्टेडियम में होगा।
कबड्डी जूनियर के मंडलीय स्तरीय ट्रायल्स 16 दिसंबर को होंगे, जबकि क्रिकेट पुरुष, जूडो पुरूष व महिला, हैंडबाल महिला का मंडलीय स्तरीय ट्रायल्स 12 दिसंबर को स्टेडियम मुरादाबाद में होंगे। इसके अलावा बास्केटबाल पुरुष की मंडलीय स्तरीय प्रतियोगिता 15 दिसंबर को होगी। एथलेटिक्स पुरुष एवं महिला, बॉक्सिंग पुरुष की जिला स्तरीय ट्रायल्स 10 दिसंबर होगी। एथलेटिक्स के मंडलीय स्तरीय ट्रायल्स 15 दिसंबर और बॉक्सिंग के ट्रायल्स 12 दिसंबर को होंगे। ट्रायल्स में विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी जयवीर सिंह ने बताया कि ट्रायल्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी अपने आयु प्रमाणपत्र और आधार कार्ड जरूर लाएं।