बिजनौर। लोकसभा चुनाव के 2800 मतदान कर्मियों को अंतिम दिन प्रशिक्षण दिया गया। तीनों चरणों में 8000 से अधिक मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया । छूटे हुए व अनुपस्थित मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण एक अप्रैल आज होगा। इसमें अनुपस्थित रहने वाले मतदान कर्मियों के खिलाफ एफआईआर होगी।
विवेक काॅलेज में आज अंतिम दिन 2800 मतदान अधिकारी प्रथम को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में कर्मचारियों ने प्रशिक्षकों से सवाल जवाब किए। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि कर्मचारी ईवीएम का संचालन अच्छी तरह सीख लें। यदि कहीं कोई बात समझ नहीं आ रही हो तो प्रशिक्षकों से स्पष्ट कर ले।
- 8800 को मिला प्रशिक्षण
विवेक काॅलेज में मतदान कर्मियों को 28 मार्च, 30 मार्च व 31 मार्च को प्रशिक्षण दिया गया। तीनों चरणों में 8800 पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम व मतदान अधिकारी द्वितीय को प्रशिक्षण दिया गया है। ड्यूटी पर लगे बैंक कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष का अंतिम दिन होने के कारण आज प्रशिक्षण नहीं दिया गया। पीडी ज्ञानेश्वर तिवारी के अनुसार बैंक कर्मचारियों का प्रशिक्षण एक अप्रैल आज होगा।
- आज इनका होगा प्रशिक्षण
पीडी ज्ञानेश्वर तिवारी ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में लगे बैंक कर्मचारियों, बिजली कर्मचारियों व तीनों प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे करीब 750 कर्मचारियों को एक अप्रैल आज सुबह 10 बजे से दो बजे तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर
पीडी ज्ञानेश्वर तिवारी के मुताबिक तीनों प्रशिक्षण में करीब 150 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। यदि अनुपस्थित कर्मचारी एक अप्रैल दोपहर एक बजे तक अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराते हैं तो इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ पुलिस में एफआईआर होगी।