नजीबाबाद। कोटद्वार-नजीबाबाद ब्रांच लाइन पर पानी भरने से एक पैसेंजर ट्रेन रद्द रही। उधर, कोटावाली नदी रपटे पर पानी आने से हरिद्वार की रोडवेज बस सेवा और सड़क मार्ग घंटों प्रभावित रहा।
क्षेत्र में तड़के से हो रही वर्षा के चलते डबल फाटक रेलवे क्रॉसिंग से भारत सिनेमा रेलवे क्रॉसिंग के बीच कोटद्वार ब्रांच लाइन पर पानी भर गया। रेल पटरियां घंटों पानी में जलमग्न रहने के कारण रेलवे ने प्रात: 11:15 बजे कोटद्वार जाने वाली पैसेंजर ट्रेन 04389 रद्द कर दी। एसएस आरडी मीणा ने बताया कि रेल ट्रेक पर काफी पानी होने के कारण ट्रेन को रद्द करना पड़ा। उधर, नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर कोटावाली नदी रपटे पर पानी आने से नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर चलने वाली रोडवेज बस सेवा आंशिक रूप से प्रभावित रही। अन्य वाहन भी रपटे में पानी उतरने तक रपटे के दोनों ओर खड़े रहे।