नजीबाबाद के सेंट मेरी रेलवे क्रॉसिंग सीढ़ियों पर पसरा अंधेरा।
- फोटो : NAZIBABAD
रेलवे क्रॉसिंग से आवागमन बंद, कारोबारी नाराज
नजीबाबाद। रेलवे ने सेंट मेरी स्कूल के निकट फ्लाईओवर के नीचे आवागमन बंद कर दिया। क्षेत्रवासियों ने फ्लाईओवर की सीढ़ियों का रास्ता असुरक्षित होने और रास्ते में गंदगी होने पर रोष व्यक्त किया।
डबल फाटक फ्लाईओवर के नीचे करीब चार माह पूर्व रेलवे निर्माण इकाई ने क्रॉसिंग के दोनों ओर रास्ते में कंक्रीट दीवार बनाकर रास्ता बंद किया था। बृहस्पतिवार को सेंट मेरी स्कूल के निकट फ्लाईओवर के नीचे रेलवे क्रॉसिंग नंबर 481 पर भी कंक्रीट दीवार बनाकर रेलवे ने रास्ता बंद कर दिया। अब क्षेत्रवासियों को क्रॉसिंग के दोनों ओर सीढ़ीनुमा रास्ते से आवागमन करना होगा। क्रॉसिंग के निकट कुष्ठ सेवा आश्रम और कारोबारी प्रतिष्ठानों से जुड़े निवासियों में रास्ता बंद होने से रोष है। रेल सूत्रों के अनुसार जल्द ही कोटद्वार ब्रांच लाइन की क्रॉसिंग से भी आवागमन बंद किया जाएगा।
क्षेत्रीय कारोबारियों नीरज सिंघल, दीपक सिंघल, पंकज, निशांत का कहना है कि रेलवे ने फ्लाईओवर के सीढ़ियों के रास्ते में व्यापक गंदगी होने, रात्रि में आवागमन के लिए प्रकाश की व्यवस्था न होने पर रोष व्यक्त किया है। कारोबारियों का कहना है कि फ्लाईओवर बनने से क्षेत्र के सभी कारोबारी प्रतिष्ठान पहले ही ठप हो चुके हैं। अब रेलवे ने उन्हें असुरक्षित वातावरण में फ्लाईओवर के ऊपर से आवागमन देकर खतरे में डाला है।