मंडावली के गांवड़ी संपर्क मार्ग पर पुल के नीचे जलभराव से गुजरते राहगीर।
- फोटो : NAZIBABAD
पुल के नीचे जलभराव से आवागमन प्रभावित
मंडावली। फोरलेन बाईपास पर बने पुल के नीचे जलभराव होने से मंडावली-गांवड़ी मार्ग पर आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। अन्य मार्ग न होने से ग्रामीणों को मजबूरन पुल के नीचे कीचड़ और जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है।
मंडावली-गांवड़ी मार्ग पर करीब आधा दर्जन गांव के ग्रामीणों की आवाजाही होती है। यह मार्ग मोटा महादेव-भागूवाला बाईपास मार्ग को भी जोड़ता है। इस मार्ग से नारायणपुर रतन, टांडा रतन, सैफाबाद, गांवड़ी, गदाइका, जटपुरा बौंडा, नियामतपुर आदि गांवों के ग्रामीण गुजरते हैं। फोरलेन बाईपास मार्ग पर बने पुल के नीचे जलनिकासी की व्यवस्था न होने से बारिश के समय पानी जमा हो जाता है। अन्य कोई रास्ता न होने के कारण ग्रामीणों को मजबूरन पुल के नीचे जलभराव सेे होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों विजेंदर सिंह, सुनील, अनिल, रोहिताश सिंह, सुरेश सिंह का कहना है कि बारिश होने के कई दिन बाद तक पुल के नीचे पानी भरा रहता है, जिससे ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल के नीचे जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।