संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। अमानगढ़ में पर्यटन सत्र छह नवंबर को शुरू हो चुका है। ऐसे में रोजाना करीब 50 पर्यटक रोज जंगल सफारी कर रहे हैं। रोजाना बाघ और हाथियों को देख पर्यटकों को खूब उत्साह नजर आ रहा है। कुछ पर्यटकों ने इसकी वीडियो भी बना ली। अमानगढ़ में 32 से ज्यादा बाघ और 100 से ज्यादा हाथी हैं। इस बार पर्यटन सत्र करीब 09 दिन पहले ही शुरू हो चुका है, जिस कारण पर्यटकों की संख्या भी खूब बढ़ रही है। 350 से ज्यादा पर्यटक पिछले आठ दिनों में अमानगढ़ में जंगल सफारी का आनंद ले चुके हैं। बृस्पतिवार को अमानगढ़ में घूमने गए पर्यटकों की गाड़ी के सामने हाथियों के झुंड ने रास्ता पार किया, जिसे पर्यटकों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। इसके अलावा एक बाघ एक जिप्सी के पास से ही होकर निकला। उसकी वीडियो देख वन अफसर भी उत्साहित नजर आ रहे हैं। डीएफओ ज्ञान सिंह ने बताया कि रोजाना पर्यटकों को वन्य जीव दिख रहे हैं। लगातार पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। पर्यटकों ने ही बाघ और हाथियों की वीडियो उपलब्ध कराई है।