रेलवे की जमीन को कब्जामुक्त कराने को आज चलेगा अभियान
धामपुर। रेल अधिकारियों की ओर से गांव जैतरा में रेलवे फाटक के पास रेलवे की जमीन पर अवैध तौर पर रखे खोखे हटाने के लिए एक जनवरी को अभियान चलेगा। स्टेशन अधीक्षक चंद्रमणि ने बताया कि यह अभियान रेल बोर्ड के अधिकारियों के आदेश पर चलाया जा रहा है। धामपुर में जैतरा रेलवे फाटक के पास रेलवे की जमीन पर अवैध तौर पर स्थायी और अस्थायी तौर पर कब्जा कर पक्की दुकान बनाकर कारोबार किया जा रहा है। विभाग की ओर से कई बार नोटिस देकर संबंधित लोगों से जमीन खाली करने का आग्रह किया गया लेकिन जमीन को कब्जा मुक्त नहीं किया गया। अब रेलवे बोर्ड के आदेशों के अनुपालन में रेलवे जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए वृहद स्तर पर अभियान चला रहा है। इसके तहत एक जनवरी को धामपुर में रेलवे की जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने खोखा स्वामियों से अपील की है कि वे स्वयं ही जमीन को कब्जा मुक्त कर दें अन्यथा सख्ती के साथ जमीन को कब्जा मुक्त कराने का प्रयास किया जाएगा।