कालागढ़ में इंटर कॉलेज के निकट सड़क पार करता शावक।
- फोटो : DHAMPUR
सड़क पार कर इंटर कॉलेज के निकट पहुंची बाघिन
कालागढ़। लगभग 15 दिनों से केंद्रीय कॉलोनी में सक्रिय बाघिन अपने तीन शावकों सहित गश्ती दल को चकमा देकर इंटर कॉलेज के निकट पहुंच गई। बुधवार रात मुख्य मार्ग से गुजरने वाले एक वाहन के सामने बाघिन का एक शावक सड़क पार करते हुए देखा गया।
कालागढ़ की केंद्रीय कॉलोनी में सुरक्षा बैरियर 2/ 6 से लेकर वाल्मीकि ब्रह्मालय तक एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ सक्रिय थी। इस मार्ग पर हनुमान मंदिर, रविदास मंदिर एवं वाल्मीकि ब्रह्मालय के सामने बाघिन एवं उसके शावकों को देखा गया। जिसको लेकर वन विभाग ने एवं पुलिस ने जनता को यहां से गुजरने पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे।
बुधवार रात लगभग 10:30 बजे एक वाहन नई कॉलोनी की ओर जा रहा था। इस दौरान वाहन के सामने सड़क पर बाघिन का एक शावक नजर आया। चालक ने वाहन को रोक लिया और लाइट बंद कर दी। इस दौरान झाड़ियों में बाघिन अपने दो शावकों के साथ नजर आई। तीसरा शावक भी सड़क पार कर वापस बाघिन के पास पहुंच गया। इस दौरान वाहन की रोशनी में शावक की सड़क पार करते हुए लोगों ने वीडियो बना ली। बाघिन के अपने शावकों के साथ इंटर कॉलेज के निकट दिखाई देने से आबादी एवं स्कूली बच्चों के लिए खतरा बढ़ गया है। गश्ती दल प्रभारी इंद्रमोहन ध्यानी ने बताया कि गश्ती दल मौके पर तैनात है। यहां बाघिन की लोकेशन नहीं मिल रही है।