कालागढ़ में हनुमान मंदिर के सामने सूखासोत के पुल के निकट सड़क पार करती बाघिन।
- फोटो : DHAMPUR
हनुमान मंदिर पर तीन शावकों के साथ बाघिन सक्रिय
कालागढ़। कालागढ़ में मुख्य मार्ग पर हनुमान मंदिर के निकट एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ सक्रिय हो गई है। वन विभाग एवं पुलिस ने जनता से प्रभावित क्षेत्र से आवश्यक न गुजरने की अपील की है। मार्ग से दो पहिया वाहनों को कानवाई के साथ भेजा जा रहा है। मौके पर वन विभाग का गश्ती दल तैनात है। वन विभाग ने मौके पर ड्रोन से भी बाघिन की निगरानी शुरू कर दी है।
कालागढ़ की केंद्रीय कॉलोनी में सुरक्षा बैरियर 2/6 से वाल्मीकि ब्रह्मालय तक का इलाका बाघिन के सक्रिय हो जाने से असुरक्षित हो गया है। इस मार्ग पर हनुमान मंदिर से संत रविदास मंदिर तक बाघिन को देखा गया है। उसके साथ तीन शावक हैं। शावकों को सड़क पार कराने के लिए बाघिन सड़क पर आती है। बृहस्पतिवार रात को बाघिन काफी अधिक आक्रामक हो गई। पुलिस का गश्ती दल जैसे ही मंदिर के निकट पहुंचा तो वह वाहन के सामने आ गई। वहां से गुजरने वाले वाहनों पर भी वह झपटी।
वन विभाग की टीम ने बाघिन को भगाने के लिए छह राउंड फायरिंग भी की। मौके पर गश्ती दल तैनात है। स्कूलों व आवश्यक कार्य से पुराना कालागढ़ जाने व वहां से नई कॉलोनी आदि क्षेत्रों में आने जाने वालों को जान हथेली पर रखकर अपना रास्ता तय करना पड़ रहा है। मार्ग पर बाघिन के सक्रिय होने से शुक्रवार की सुबह सड़क सूनी रही। कालागढ के वनक्षेत्राधिकारी आरके भट्ट ने बताया कि बाघिन के साथ तीन शावक हैं। उनकी सुरक्षा को लेकर बाघिन सक्रिय हुई है।