बिजनौर, कालागढ़। कालागढ़ में वन्यजीवों के विचरण करने से अप्रत्याशित हादसों की आशंका बढ़ रही है। सैंडिल बांध मार्ग पर काम करने के दौरान बाघ जेसीबी मशीन के सामने आ गया।
कार्बेट टाइगर रिजर्व के वनों से निकलकर वन्यजीव कालागढ़ के आबादी क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं। जिसके चलते किसी भी हादसे की आशंका पैदा हो रही है। केंद्रीय काॅलोनी में संजय नगर के पीछे व सूखास्रोत के निकट विशालकाय सांभर आम रास्ते पर आकर खड़ा हो गया। वहीं सैडिल बांध मार्ग पर इन दिनों नालियों को खोलने व सिल्ट की सफाई का काम चल रहा है। ऐसे में वहां काम कर रही एक जेसीबी के सामने बाघ आ गया। जिसको देखकर मजदूरों में खलबली मच गई।
कुछ देर के बाद बाघ वन में अंदर चला गया। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता मनोज कुमार लिखवार ने बताया कि पर्यावरण व वन्यजीवों के संरक्षण के नियमों का पालन करते हुए परियोजना के कार्य चल रहे हैं। चार किमी पर जेसीबी से नाली खोलने का काम चल रहा था। इसी दौरान बाघ सामने से आ गया। जिसकी वजह से काम पर असर पड़ा। बाघ काफी देर तक वहीं बना रहा।