नजीबाबाद, नगीना और स्योहारा स्टेशनों के भवनों का जून से शुरू होगा जीर्णोद्धार
फोटो - 10एनजेडबी07आर
नजीबाबाद। अमृत भारत योजना में नजीबाबाद रेलवे स्टेशन भवन का 10 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प होगा। भवन को नया रूप देने के साथ रेलवे कई यात्री सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगा। नजीबाबाद रेलवे स्टेशन के अतिरिक्त स्योहारा और नगीना रेलवे स्टेशन भवन को भी 10-10 करोड़ रुपये की लागत से संवारा जाएगा।
अमृत भारत योजना में रेलवे द्वारा जून माह में नजीबाबाद रेलवे स्टेशन भवन को नए आकर्षक स्वरूप में ढालने का अभियान शुरू करेगा। नजीबाबाद, नगीना और स्योहारा रेलवे स्टेशन भवनों को अमृत भारत योजना में 10-10 करोड़ रुपये की लागत से भवन कायाकल्प करने की योजना है। रेलवे नजीबाबाद स्टेशन भवन को मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के रूप में विकसित करेगा। पार्सल ऑफिस, टीसी कार्यालय आदि अन्यत्र स्थानांतरित किए जाएगें। आदर्श नगर टंकी दिशा में आकर्षक रेलवे प्रवेश द्वार, पार्किंग, टिकट आरक्षण खिड़की निर्माण कार्य योजना में शामिल हैं।
आदर्श नगर से प्लेटफार्म एक तक विभिन्न प्लेटफार्मों को आपस में जोड़ने के लिए रेलवे का फुटओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव है। रेलवे के स्टेशन परिसर में नया फुटओवर ब्रिज निर्माण कराने के फैसले से मालगोदाम रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे अर्से से चली आ रही फुटओवर ब्रिज निर्माण की मांग ठंडे बस्ते में जाने की संभावना है। यात्रियों के आवागमन के लिए फुटओवर ब्रिज में स्वचालित सीढि़याें की व्यवस्था किए जाने का प्रावधान है।
अमृत भारत योजना में स्टेशन भवन निर्माण योजना के संबंध में हाल ही में रेल महाप्रबंधक शोभन चौधरी नजीबाबाद रेलवे स्टेशन का दौरा कर चुके हैं। प्रवर मंडल अभियंता समंवय पारितोष गौतम ने जल्द टैंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अमृत भारत योजना में भवन निर्माण कार्य जून माह में शुरू होने की संभावना व्यक्त की है।