ढ़ापुर में सड़क दुर्घटना में मरने वाले पुत्र मृतक शाहरुख का फाइल फोटो।
बढ़ापुर (बिजनौर)। दो बाइकों की टक्कर में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक घायल हुआ है। बाइक सवार बाप-बेटा शादी के कार्ड बांटने के लिए रिश्तेदारी में जा रहे थे। पुलिस ने तीनों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
बढ़ापुर के गांव सादातपुर गढ़ी निवासी नफीस अहमद अपने बेटे शाहरुख इस्लाम के साथ बाइक द्वारा गांव रामजीवाला जा रहे थे। बताया गया कि तीन मार्च को शाहरुख की शादी है, जिसकी शादी का कार्ड रिश्तेदारी में देना था। उधर मंडावली थाना क्षेत्र के गांव नारायणपुर रतन निवासी सलीम गांव इस्लामगढ़ में अपने भांजे समीर की बरात में शामिल होने के लिए दोस्त तहसीम के साथ बाइक से गांव इस्लामगढ़ जा रहा था।
बढ़ापुर-शाहलीपुर कोटरा मार्ग पर गांव नूरपुर अरब के समीप गगन ईंट भट्ठे के सामने दोनों बाइकों की आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में नफीस अहमद (48 वर्ष) पुत्र अब्दुल हमीद और उसके पुत्र शाहरुख इस्लाम (22 वर्ष) और दूसरी बाइक पर सवार तहसीम (42 वर्ष) पुत्र इब्राहिम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सलीम गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सलीम को नगीना सीएचसी भेजा, जहां से गंभीरावस्था में उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ढ़ापुर में सड़क दुर्घटना में मरने वाले पुत्र मृतक शाहरुख का फाइल फोटो।