- पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 लाख 60 हजार रुपये के नकली नोट पकड़े
- पुलिस ने तीन और सदस्यों को गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया
फोटो समाचार
स्योहारा (बिजनौर)। असली रुपयों के बदले दो गुना नकली नोट देने वाले गिरोह के तीन सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस को उनके पास से पंद्रह लाख साठ हजार रुपये के नकली नोट भी मिले हैं। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है। उनके दो साथी पुलिस क़ो चकमा देकर फरार हो गए हैं।
शुक्रवार को गश्त के दौरान स्योहारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धामपुर मार्ग स्थित एक ढाबे के निकट से राशिद पुत्र हशीमुद्दीन निवासी बटला हाउस दिल्ली, नईमुद्दीन पुत्र शहाबुद्दीन निवासी गांव बगवाड़ा थाना स्योहारा, जुल्फिकार अहमद पुत्र सुल्तान अहमद निवासी खच्चर बाजार मोहल्ला छिपियान चौकी ताजपुर थाना नूरपुर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि तीनों के पास से पंद्रह लाख साठ हजार रुपये के नकली रुपये भी बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी ने बताया कि यह गिरोह भोले भाले व्यक्तियों को असली रुपये के बदले दो गुना नकली नोट देते थे। इस गिरोह में अन्य कई युवक भी शामिल हैं।
कस्बा इंचार्ज रोबिन सिंह को गश्त के दौरान मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि धामपुर मार्ग स्थित एक ढाबे के पास तीन युवक किसी व्यक्ति को असली नोट लेकर नकली नोट देने की फिराक में हैं। मुखबिर पर विश्वास कर प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी, निरीक्षक अपराध राजेश कुमार, कस्बा इंचार्ज रोबिन सिंह ने मौके पर पहुंच कर उक्त तीनों लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि तीनों लोगों के पास से पंद्रह लाख साठ हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। सभी नोट पांच सौ रुपये के नकली नोट हैं, जिन पर चिल्ड्रन बैंक आदि लिखा हुआ है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। आरोपियों ने बताया कि ये नकली नोट दिल्ली से खरीद कर लाते हैं।