- आरोपियों को पकड़ने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। पुलिस ने तीन युवकों को पकड़कर लूट की तीन घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस ने शुक्रवार को चांदपुर जलीलपुर रोड पर गांव माहू गेट के पास तीन युवकों को पकड़ा है। जबकि गांव बमनौली निवासी बब्लू अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए युवकों ने चांदपुर, नूरपुर व किरतपुर क्षेत्र में हुई लूट की तीन घटनाओं को अंजाम दिया था। अपर पुलिस अधीक्षक रामअर्ज ने बताया कि पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह के निर्देशन में थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा पकड़े गए युवक चांदपुर थाना के गांव शाहपुर भसौड़ी निवासी सोनू सैनी, कमल सैनी व गांव नौरंगपुर निवासी बंटी हैं।
पकड़े गए युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने आठ अगस्त को चांदपुर थाने के गांव नारनौर जलालपुर मार्ग पर हल्दौर थाना के गांव नवादा निवासी निशांत कुमार से लूटे गए मोबाइल व मोबाइल का चार्जर, सात जून को नूरपुर चांदपुर मार्ग पर गांव आजमपुर में मुजफ्फरनगर के थाना मीरापुर के खेड़ी सराय निवासी सुशील से हुई दो लाख की लूट के 48 हजार रुपये नकद, काला बैग व शर्ट, पांच जुलाई को गांव छितावर व गंगावाला के बीच किरतपुर क्षेत्र में थाना बहसूमा के गांव तजपुरा निवासी अमित पाल से हुई 80 हजार की नकदी, एक बैग व एक टेबलेट की लूट में से पांच हजार रुपये नकद, एक टेबलेट व एक बैग बरामद बरामद किया है।
पुलिस ने युवकों के पास से दो तमंचे, दो कारतूस, एक चाकू, एक मोबाइल, एक बाइक आदि भी बरामद की है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उदय प्रताप, उपनिरीक्षक यशपाल सिंह, उपनिरीक्षक महेश सिंह, हेड कांस्टेबल अमित वर्मा, आदेश कुमार, सचिन कुमार शामिल रहे।