बिजनौर। तमंचा दिखाकर राहगीर से बाइक और नकदी लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। एसपी केके बिश्नोई ने बताया कि ग्राम सब्दलपुर निवासी कय्यूम ने थाना कोतवाली शहर में तहरीर दी थी। इसमें कहा था कि तीन अक्तूबर को गंज नहर पुलिया के पास बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उससे 600 रुपये नकद, मोबाइल फोन और स्प्लेंडर बाइक लूट ली है। विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जांच की। इसमें दीपक उर्फ छोटू निवासी सुजातपुर खुर्द चांदपुर, नितिन कुमार निवासी महमूदाबाद, थाना हीमपुर दीपा और दीपक उर्फ दीपू निवासी सुजातपुर खुर्द के नाम सामने आए। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लूटी गई मोटरसाइकिल, तमंचा-कारतूस मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी सुल्तानपुर, उत्तराखंड में बैंक लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इनके संपर्क में एक अन्य चौथा आरोपी भी इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आया था, जिसने ही लूट की योजना बनाने के लिए प्रेरित किया था। प्रेस वार्ता के दौरान सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय भी मौजूद रहे।