पूर्व में नांगलसोती के गंगा घाट पर वर्षों से लगता आ रहा था गंगा स्नान मेला
गंगा की धारा दो किलोमीटर दूर उत्तराखंड में होने से बनी थी असमंजस की स्थिति
गंगा स्नान मेला आयोजन पर यूपी और उत्तराखंड के किसानों में बनी सहमति
संवाद न्यूज एजेंसी
नांगलसोती (बिजनौर)। गंगा की धारा दो किलोमीटर दूर उत्तराखंड में होने से नांगलसोती के गंगा घाट पर स्नान मेले को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति रविवार को साफ हो गई। इस बार मेला उत्तराखंड की गंगा की धारा में लगेगा। यूपी के किसानों के साथ हुई वार्ता में उत्तराखंड ने मेला आयोजन को लेकर सहमति दी है। किसानों ने रास्ता निर्माण कराने का भी आश्वासन दिया है।
नांगलसोती के गंगा घाट पर वर्षों से गंगा स्नान मेला लगता आ रहा है। कार्तिक पूर्णिमा पर 25 नवंबर से इस बार मेला आयोजन होना है। मेला इंचार्ज सिंधुराज ने बताया कि इस वर्ष गंगा नदी की धारा दो किलोमीटर दूर उत्तराखंड में बह रही है। स्नान करने के लिए नांगल क्षेत्र में गंगा नदी का पर्याप्त पानी नहीं आ रहा है। इस कारण मेला कमेटी को मजबूरन उत्तराखंड क्षेत्र में मेला आयोजन करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि मेला आयोजन को लेकर रविवार को उत्तराखंड और यूपी के किसानों के बीच बैठक हुई। उत्तराखंड के किसानों ने मेला आयोजन को लेकर अपनी सहमति दी है। उन्होंने अन्य किसानों से बातचीत कर गन्ना काटने और गंगा घाट तक पहुंचने के लिए रास्ता निर्माण कराने का आश्वासन मेला समिति के पदाधिकारी को दिया है। बैठक में नांगलसोती के ग्राम प्रधान मो.फरमान, वीरेंद्र शर्मा, गौतम, साजिद, मनोज शर्मा, उत्तराखंड के रंजीतपुर की ग्राम प्रधान प्रतिभा के प्रतिनिधि महावीर सिंह, मूला सिंह, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
मेला आयोजन में ये फंस रहा था पेंच
नांगलसोती के ग्राम प्रधान और मेला संरक्षक मो. फरमान का कहना है कि मेला आयोजन में मार्ग निर्माण सबसे बड़ी बाधा है। उत्तराखंड में गंगा की धारा तक पहुंचने के लिए कई बीघा गन्ने की फसल काटकर रास्ता बनाया जाना है। यदि उत्तराखंड के किसान गन्ने काटने को राजी होते है तो मेला आयोजन में आसानी होगी।
गंगा स्नान मेला आयोजन के संबंध में उत्तराखंड प्रशासन से बात की गई है। एसडीएम लक्सर भोपाल सिंह चौहान ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। मेला आयोजन में मेला कमेटी की हर संभव मदद की जाएगी। - संजय कुमार बंसल, एसडीएम, नजीबाबाद।
मुन्ने खां बने मेला समिति के अध्यक्ष
नांगलसोती। कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर लगने वाले गंगा स्नान मेला आयोजन के लिए कमेटी का गठन हुआ। सर्वसम्मति से मुन्ने खां को मेला समिति अध्यक्ष और ग्राम प्रधान मो. फरमान को मेला संरक्षक, सिंधुराज को मेला इंचार्ज, चौधरी विजय सिंह को मेला संयोजक, मनोज शर्मा को उप इंचार्ज, मो. इरफान को उपाध्यक्ष, साधुराम को कोषाध्यक्ष, मयंक चौधरी को सचिव, नरेंद्र सिन्हा को कैंप इंचार्ज चुना गया। अतुल अग्रवाल, एहसान अहमद, गोविंद सिंह, नरपाल फौजी, राजवीर काकरान, रामपाल सिंह, सुशील फौजी को विशेष आमंत्रित सदस्य चुना गया।