- केंद्र व प्रदेश सरकार के बजट किसानों के हितैषी
फोटो-8
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। वर्ष 2023-24 का आम बजट अमृत काल का लोक कल्याणकारी बजट है। यह बजट देश को विकसित देश की श्रेणी में लाने की बुनियाद रखने वाला है। बजट में ग्रामीण क्षेत्र, किसान, गरीब, युवाओं, महिलाओं, मध्यम वर्ग आदि के लोगों का ध्यान रखा गया।
यह बात भाजपा के राज्यसभा सांसद विजयपाल सिंह तोमर ने सोमवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में कही। विजयपाल सिंह तोमर ने कहा कि यह बजट भारत को सुपर इकॉनमी पावर बनाने वाला है। कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बजट के माध्यम से पुरानी टैक्स व्यवस्था को खत्म करते हुए मध्य वर्ग के नौकरीपेशा लोगों को तोहफा दिया। उन्हें सात लाख रुपये सालाना की आय पर कोई टैक्स नहीं देना होगा। सरकार ने पशुपालन, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन पर ध्यान के साथ कृषि ऋण लक्ष्य बढ़ाकर 20 लाख करोड़ किया।
तोमर ने कहा कि युवाओं के सपनों को उड़ान देने के लिए प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 की घोषणा हुई है। युवाओं के कौशल में निखार और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान होंगे। कहा कि बजट में महिलाओं, ग्रीन ग्रोथ, रेलवे, पीएम आवास, पर्यटन स्थलों आदि के लिए बजट दिया। प्रदेश सरकार के बजट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में किसानों के नलकूपों को बिजली मुफ्त देने की घोषणा की गई थी। वह इस बजट में पूर्ण कर दी गई। किसानों का खर्च कम होगा, तो आय बढ़ेगी।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष बाल्मीकि, विनय राणा, विकास अग्रवाल, विक्रांत चौधरी, धीर सिंह आदि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग
राज्यसभा सांसद विजयपाल सिंह तोमर ने गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाने के सवाल पर कहा कि वह किसानों की इस बात को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे और किसानों के हित में पूरी दावेदारी करेंगे।
केंद्रीय मंत्री तक पहुंचेगी क्षतिग्रस्त मार्ग का मुद्दा
राज्यसभा सांसद विजयपाल सिंह तोमर ने सवाल के जवाब में कहा कि मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे बैराज से बिजनौर तक निर्माण कराने के संबंध में केंद्रीय मंत्री सड़क परिवहन और राजमार्ग नितिन गडकरी से मिलेंगे।