बिजनौर। यूपी और उत्तराखंड के पाखरो बॉर्डर पर भी तीसरी आंख की नजर रहेगी। दरअसल वन क्षेत्र से घिरे इस बॉर्डर पर सीसीटीवी लगवाए गए हैं। खुद एसपी ने पहुंचकर इस बॉर्डर का मुआयना किया। उधर संवदेनशील और अति संवदेनशील बूथों का निरीक्षण किया गया। चुनाव को लेकर की जा रही चेकिंग रविवार को भी जारी रही। गाड़ियों पर लगे हूटर भी उतरवाए गए।
शनिवार की देर शाम डीएम अंकित कुमार अग्रवाल और एसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस फोर्स के साथ जिले में अलग अलग जगहों पर गश्त की। उधर, रविवार की शाम एसपी नीरज कुमार जादौन बढ़ापुर थाना क्षेत्र में उत्तराखंड के पाखरो बॉर्डर पर पहुंच गए। बता दें कि यह बॉर्डर वन क्षेत्र से घिरा हुआ है। यहां पर दो सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं।
इसके अलावा शहर के सेंट मैरी चौराहा, मंडावर चौक आदि समेत अनेक जगहों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। बिजनौर शहर में ढाई सौ गाड़ियों की चेकिंग की गई। जिसमें दो गाड़ियों में हूटर लगे मिले। पुलिस ने हूटर उतरवाकर हूटर को अपने कब्जे में ले लिया और गाड़ियों के चालान भी कर दिए गए।