बिजनौर। कोतवाली देहात की बरुकी क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने अदनान पुत्र फरहद, फरहद, आजम और शमशाद निवासी गांव उमरी कोतवाली देहात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि अदनान ने उसकी बेटी के साथ जंगल में ले जाकर चाकू की नोक पर जबरन दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। उसकी बेटी की शादी तय हो गई, मगर आरोपी अदनान ने उसके मंगेतर को फोन करते हुए शादी तुड़वा दी। अब पीड़िता की मां ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। आरोप लगाया कि आरोपियों की पुलिस से मिलीभगत है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। इसके चलते आरोपी लगातार समझौते का दवाब बना रहे हैं।