बढ़ापुर। नगीना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने बढ़ापुर निवासी एक युवक पर दुष्कर्म करने और उसके चाचा पर धमकाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दर्ज हुई प्राथमिकी में महिला ने बताया कि उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व कोटद्वार उत्तराखंड के एक गांव में हुई थी। शादी से पूर्व उसकी पहचान कस्बा बढ़ापुर निवासी गौतम से थी। गौतम ने वर्ष 2019 से 2021 तक शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और फिर शादी करने से इन्कार कर दिया। पीड़िता के पिता ने 2021 में उसकी शादी कोटद्वार के समीपवर्ती एक गांव निवासी से कर दी। शादी के बाद गौतम उसे ब्लैकमेल करते हुए फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोपी पिछले कई वर्ष से उसे धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। इतना ही नहीं आरोपी ने उसके पति को सारी बातें बता दीं, जिसके चलते पति ने उसे तलाक दे दिया। पीड़िता ने आरोपी गौतम के चाचा प्रमोद पर भी इस संबंध में कोई कार्रवाई करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। सीओ नगीना राजेश सोलंकी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चाचा-भतीजे के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।