तेरहवीं से एक दिन पहले जिंदा लौटा युवक
पैजनिया/बिजनौर। क्षेत्र के एक गांव मेें रहने वाला तीन लाख कर्ज के बोझ में दबा युवक भी घर छोड़ देता है। परिवार वालों ने उसकी मौत की खबर भी फैला दी। लोग तब आश्चर्य में पड़ गए जब वह तेरहवीं से एक दिन पहले जिंदा लौट आया।
यह मामला गांव जगनवाला का है। ग्रामीणों के अनुसार युवक पर ग्रामीणों के करीब तीन लाख रुपये उधार थे। ग्राम प्रधान कमल सिंह ने बताया कि 6 सितंबर को उन्हें युवक के परिजनों ने उसकी मौत की सूचना दी थी। कहा गया था कि किसी कीड़े के काटने से युवक की मौत हुई। जिसके शव को गंगा में बहा दिया गया है। ग्राम प्रधान ने बताया कि इसके बाद मृतक बताए गए युवक के तीजा आदि संस्कार भी परिजनों ने विधिवत संपन्न कराए। बृहस्पतिवार को मृत घोषित युवक की तेरहवीं का संस्कार होना था। मामले में दिलचस्प मोड़ उस वक्त आया जब मृत घोषित युवक तेरहवीं से एक दिन पूर्व बुधवार की रात गांव लौट आया।
बृहस्पतिवार की सुबह युवक को जिंदा देख ग्रामीण स्तब्ध रह गए। इस संबंध में जब युवक और उसके परिजनों से बात की गई तो उन्होंने मामले को निराधार बताते हुए युवक के काम से बाहर जाने की बात बताई। मामले को लेकर गांव में तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि शीघ्र मामले को लेकर गांव में पंचायत बुलाई जाएगी और पंचायत के निर्णय के अनुसार अगला कदम उठाया जाएगा।