- खेत में कीटनाशक का सेवन कर दी जान
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडावर। प्रेमिका की शादी कहीं और तय हो जाने पर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली है। युवक का शव गेंहू के खेत में पड़ा मिला, शव के पास ही कीटनाशक की शीशी भी पड़ी मिली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम मोहम्मदपुर देवमल से लक्खुवाला को जाने वाले रास्ते पर तालाब के किनारे खेत में रविवार को एक युवक का शव पड़ा मिला। जिसकी शिनाख्त पास में मिले आधार कार्ड के आधार पर इनामपुरा निवासी समीर उम्र करीब 24 वर्ष पुत्र इरशाद के रूप में हुई। बताया गया कि समीर का पिछले एक साल से एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, आठ दिन पहले उसकी प्रेमिका की शादी उसके परिजनों ने कहीं और तय कर दी। उधर समीर उसी से शादी की जिद पर अड़ा हुआ था। बताया गया कि समीर को उसके परिजनों ने इसी बात को लेकर डांट फटकार लगा दी थी, जिस पर गुस्साया युवक शनिवार को 11 बजे घर से निकल आया और वापस नहीं लौटा। समीर बिजनौर में सोफे आदि बनाने का काम करता था।
शव मिलने की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव के पास से आमों के पेड़ों पर छिड़काव करने वाला कीटनाशक का डिब्बा और आधार कार्ड बरामद किया। मौके पर पहुंचे ग्राम वासियों ने पहुंच कर दुख प्रकट किया। वही युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। थाना मंडावर पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते ही आत्महत्या की है। जोकि प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन युवक के परिवार वाले भी इस बात पर राजी नहीं थे।