बिजनौर में गांव पेद्दा, कछपुरा, नया गांव व गोकलपुर में हुई शांति समिति की बैठक में डीएम, एसपी ने लोगों से अमन-चैन बनाए रखने को कहा। दोनों अफसरों ने कहा कि गांव के लोगों को एक दूसरे की मदद के लिए आगे आना चाहिए। महिलाओं ने अफसरों के सामने अपनी खूब भड़ास निकाली और कहा कि उनकी बेटियों के साथ छेड़छाड़ हुई और उनको ही फंसा दिया गया। चारों गांवों में बुलाई गई शांति समिति की बैठक में दोनों समुदायों के लोगों की अलग अलग बैठक हुई। बैठक में सभी ने अफसरों से अपनी बात खुलकर कही। डीएम ने कहा कि पेद्दा की घटना में कानून अपना काम सख्ती से कर रहा है। कानून व्यवस्था ठीक रहने पर ही विकास के काम होंगे। उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा। एसपी ने कहा कि गांव के लोग एक-दूसरे के साथ कई सालों से प्यार से रह रहे थे। कितने ऐसे लोग हैं जो घटना होने के बाद संवेदना व्यक्त करने के लिए पीड़ितों के घर गए। ग्रामीणों ने कहा कि डर की वजह से वे पीड़ितों के घर नहीं गए। बैठक में दोनों समुदायों के लोगों ने एक साथ बैठने से इंकार कर दिया।